प्रधानमंत्री मोदी का इटली दौरा: जॉर्जिया मेलोनी के साथ ऐतिहासिक मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी का इटली दौरा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली की यात्रा की। रोम में, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है।
रोम पहुंचने के बाद, पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक साथ डिनर किया। इसके बाद, मेलोनी ने पीएम मोदी को रोम की प्रसिद्ध धरोहर कालीजीयम का दौरा कराया। इस दौरान दोनों नेताओं ने कार में यात्रा की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं।
कार में यात्रा करते हुए पीएम मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि रोम पहुंचने के बाद उन्हें मेलोनी के साथ रात्रिभोज पर चर्चा करने का अवसर मिला। उन्होंने प्रसिद्ध कोलोसियम का दौरा भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत हुई और वह आगे होने वाली औपचारिक चर्चाओं के लिए उत्सुक हैं, जिनका उद्देश्य भारत और इटली के संबंधों को और मजबूत करना है।
Upon landing in Rome, had the opportunity to meet Prime Minister Meloni over dinner followed by a visit to the iconic Colosseum. We exchanged perspectives on a wide range of subjects. Looking forward to our talks today, where we will continue the conversation on how to boost the… pic.twitter.com/df0bDYKCdU
— Narendra Modi (@narendramodi) May 20, 2026
यह पहली बार नहीं है जब मोदी और मेलोनी की तस्वीरें इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हैं। 2023 में दुबई में आयोजित COP28 सम्मेलन के दौरान मेलोनी द्वारा साझा की गई “Good friends at COP28” सेल्फी भी काफी वायरल हुई थी। इसके बाद 2024 में इटली के अपुलिया में हुए G7 Summit के दौरान “मेलोडी टीम की तरफ से हैलो” वीडियो ने भी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल की थी।
Welcome to Rome, my friend!
pic.twitter.com/mUjFL4HIqY
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 19, 2026
जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी के स्वागत की तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर लिखा, “वेलकम टू रोम, माई फ्रेंड!” उनका यह पोस्ट भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, 2023 के बाद से यह मोदी और मेलोनी की आठवीं मुलाकात है। मार्च 2023 में मेलोनी की भारत यात्रा और नई दिल्ली में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी के बाद दोनों देशों के संबंधों में लगातार मजबूती आई है। इस दौरे के दौरान दोनों नेता “संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29” के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही रक्षा सहयोग, आतंकवाद की फंडिंग रोकने और नई रणनीतिक साझेदारियों पर महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा होने की संभावना है।

