प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक जीत पर खुशी का माहौल
भव्य स्वागत के साथ मोदी का भाजपा मुख्यालय में आगमन
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, तो वहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस सफलता से उत्साहित मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपने अद्भुत काम किया है, हर जगह कमल खिलाकर एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन अभूतपूर्व है और वर्षों की मेहनत का फल आज सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरों पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
गंगोत्री से गंगासागर तक कमल का खिलना
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में पिछले साल के बिहार चुनावों का उल्लेख करते हुए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब नवंबर में बिहार चुनाव के परिणाम आए थे, तब मैंने कहा था कि मां गंगा बिहार से आगे बढ़कर गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल में मिली इस ऐतिहासिक जीत के साथ गंगोत्री से गंगासागर तक केवल कमल ही कमल खिला हुआ है। पीएम मोदी ने बताया कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार मजबूती से काबिज है।
लोकतंत्र और संविधान की जीत
इस जनादेश को जनता की जीत बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज केवल भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, बल्कि यह हमारे संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की भी बड़ी जीत है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में 93 फीसदी मतदान को ऐतिहासिक बताया और असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में मतदान के नए रिकॉर्ड की सराहना की। प्रधानमंत्री ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों का विशेष धन्यवाद किया।
भाजपा का बढ़ता वर्चस्व
देशभर में भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें कार्यरत हैं। उन्होंने 'नागरिक देवो भवः' को अपनी सरकार का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि हम जनता की सेवा में पूरी निष्ठा से जुटे हैं। पुडुचेरी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2021 में हमने 'बेस्ट पुडुचेरी' का जो विजन प्रस्तुत किया था, लोगों ने उस पर विश्वास जताया। पिछले पांच वर्षों में एनडीए सरकार ने उस विजन को आगे बढ़ाया है और पुडुचेरी की जनता ने एक बार फिर हमें सुशासन और विकास के लिए अपना विश्वास दिया है।
