प्रधानमंत्री मोदी को ब्राजील का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, नेताओं ने जताई खुशी

प्रधानमंत्री मोदी को मिला ब्राजील का सम्मान
नई दिल्ली - भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राजील द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान पर देश के विभिन्न नेताओं ने खुशी व्यक्त की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस उपलब्धि को साझा करते हुए इसे गौरव का क्षण बताया।
सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा, "यह भारत के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राजील से मिला यह सम्मान भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि का प्रतीक है।" उन्होंने आगे कहा, "यह सम्मान प्रधानमंत्री को दिया गया 26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो उनके दूरदर्शी नेतृत्व और भारत की सक्रिय कूटनीति की वैश्विक मान्यता को दर्शाता है।" विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस' से सम्मानित किया जाना हम सभी के लिए गर्व का क्षण है।"
जयशंकर ने आगे कहा, "यह सम्मान भारत-ब्राजील साझेदारी को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों और एक बेहतर अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को मान्यता देता है।" खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा, "ब्राजील का यह सर्वोच्च सम्मान पीएम मोदी का 26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।" पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी बधाई देते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी को इस सम्मान के लिए बधाई। उनके नेतृत्व ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को ऊंचा किया है। यह सम्मान उनकी राजनीतिक क्षमता और विश्व व्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका का उपयुक्त सम्मान है।"