प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता में विकास और दुर्गा पूजा पर की चर्चा

कोलकाता में जनसभा का आयोजन
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं ऐसे समय में यहां आया हूं जब दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। कोलकाता नए रंग-रूप में सज रहा है। जब आस्था और खुशी के इस पर्व के साथ विकास का पर्व भी जुड़ता है, तो खुशी दोगुनी हो जाती है। यहां से थोड़ी दूरी पर मुझे कोलकाता मेट्रो और हाइवे से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण करने का अवसर मिला है।
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक है। इसलिए जब तक बंगाल का विकास नहीं होगा, तब तक विकसित भारत की यात्रा सफल नहीं हो सकेगी। भाजपा का मानना है कि जब बंगाल का विकास होगा, तभी भारत का विकास संभव है। पिछले 11 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने बंगाल के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान की है। केंद्र ने बंगाल के लिए नेशनल हाईवे के निर्माण में कांग्रेस की UPA सरकार से तीन गुना अधिक धनराशि दी है। रेलवे के बजट में भी वृद्धि की गई है।
हालांकि, बंगाल में विकास कार्यों के लिए एक बड़ी चुनौती है। जो धनराशि हम राज्य सरकार को भेजते हैं, उसका अधिकांश हिस्सा यहां लूट लिया जाता है। यह धन TMC कार्यकर्ताओं पर खर्च होता है। इसलिए गरीब कल्याण की योजनाओं में बंगाल अन्य राज्यों से पीछे है। कुछ साल पहले असम और त्रिपुरा की स्थिति भी ऐसी ही थी, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद वहां विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
पीएम ने कहा कि बंगाल में भी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह तय है कि TMC जाएगी और भाजपा आएगी। जब तक TMC की सरकार रहेगी, तब तक बंगाल का विकास रुका रहेगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती है। भाजपा का जन्म उनके आशीर्वाद से हुआ है। वे भारत के औद्योगिक विकास के जनक रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करती है। इसका ताजा उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर है, जिसमें हमारी सेना ने सीमापार आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया। भारत की इस सफलता के पीछे Made In India अस्त्र-शस्त्र की शक्ति है। मुझे गर्व है कि बंगाल की भूमि ने हमारी सेना को ताकत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।