प्रियंका गांधी ने बिहार में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा का किया वादा

महिला संवाद में प्रियंका गांधी का संबोधन
पटना। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को सदाकत आश्रम में आयोजित 'महिला संवाद' कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने आशा, आंगनवाड़ी, किसान, मजदूर और अन्य व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया, उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया। प्रियंका ने बिहार के लिए महागठबंधन की योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिसमें महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये, 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और भूमिहीन परिवारों के लिए 3 से 5 डिसमिल जमीन का मालिकाना हक देने का वादा किया गया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आपको यह देखना होगा कि कौन सी पार्टी आपको सम्मान दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव से पहले कुछ पैसे देना सम्मान नहीं है, बल्कि यह खरीदने की कोशिश है। असली सम्मान तब होगा जब महिलाओं को हर महीने उचित मानदेय मिले, जब सरकार उनकी मदद करे और उनकी बेटियां सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने कहा कि BJP और नीतीश सरकार महिलाओं को कभी भी ऐसा सम्मान नहीं दे सकती। जब महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती हैं, तो उन्हें पीटा जाता है और जेल में डाल दिया जाता है।
आज सदाकत आश्रम पटना में आशा, आंगनवाड़ी, जीविका और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी, विभिन्न वर्गों से ताल्लुक रखने वाली बहनों से संवाद किया। हमारी बहनें अंतहीन संघर्ष कर रही हैं। वे अमानवीय परिस्थितियों में काम करती हैं और उन्हें सम्मानजनक मानदेय तक नहीं मिलता।
INDIA महागठबंधन की… pic.twitter.com/lFEt4mrDfB
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 26, 2025
उन्होंने आगे कहा कि उनके भाई राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय के लिए देशभर में संघर्ष किया है और वे चाहते हैं कि महिलाओं को भी न्याय और सम्मान मिले। प्रियंका ने आगामी चुनाव में महिलाओं से अपील की कि वे अपनी स्थिति को समझें और उस सरकार का चुनाव करें जो उन्हें न्याय और सम्मान दे। उन्होंने कहा कि अगर महिलाएं न्याय और सम्मान चाहती हैं, तो उन्हें BJP-JDU सरकार को हराना होगा। बिहार में चुनाव नजदीक हैं, और सरकार महिलाओं को 10,000 रुपये महीने देने का वादा कर रही है, लेकिन पिछले 20 वर्षों से सत्ता में रहने वाले नेताओं ने ऐसा क्यों नहीं किया? यह सरकार केवल चुनावों में वोट पाने के लिए ऐसा कर रही है।