फरीदाबाद में कांग्रेस संगठन को पुनर्जीवित करने की योजना: मनिकम टैगोर

कांग्रेस संगठन सृजन अभियान की शुरुआत
- संगठन सृजन अभियान और जिलाध्यक्ष चयन पर सांसद ने की प्रेस वार्ता
(फरीदाबाद समाचार) एआईसीसी के फरीदाबाद जिले के पर्यवेक्षक और लोकसभा सांसद मनिकम टैगोर ने बताया कि हरियाणा में कांग्रेस संगठन को फिर से मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लियाजुन खरगे और राहुल गांधी के निर्देशों के अनुसार, मेहनती कार्यकर्ताओं को संगठन में शामिल किया जाएगा। कांग्रेस हाईकमान हरियाणा में संगठन बनाने के लिए गंभीर है और मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की जाएगी।
सांसद मनिकम टैगोर ने मंगलवार को संगठन सृजन अभियान और जिलाध्यक्ष चयन के संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मैगपाई टूरिज्म में आयोजित प्रेस वार्ता में यह बातें कहीं। इस अवसर पर कांग्रेस जिला फरीदाबाद प्रभारी विरेंद्र पाल शाह, सह प्रभारी सुधीर चौधरी, विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया और अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की आवश्यकता
सांसद मनिकम टैगोर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में संगठन की कमी के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है, लेकिन अब पार्टी एक मजबूत संगठन का निर्माण करेगी। इसमें जिलाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष और अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कर्मठ कार्यकर्ताओं की एक बड़ी संख्या है, और सभी कार्यकर्ताओं को उनकी योग्यता के अनुसार जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में 18 जून से 23 जून तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद किसान भवन सेक्टर-16 में एक बड़ी बैठक का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा में कांग्रेस के पांच सांसद और 37 विधायक जनता की समस्याओं को संसद और विधानसभा में उठाने के लिए सक्रिय हैं।