बदायूं में गंगा स्नान के दौरान डूबने से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 6 को बचाया गया
दर्दनाक हादसा गंगा घाट पर
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में ज्येष्ठ दशहरा के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान एक भयानक हादसा हुआ। इस घटना में 12 श्रद्धालु गहरे पानी में डूब गए, जिनमें से पांच की जान चली गई। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन एक 17 वर्षीय लड़की का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। घाटों पर हुई इन मौतों से हड़कंप मच गया और जिला प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कछला घाट पर अपनों को बचाने की कोशिश
पहला हादसा कछला गंगा घाट पर मुख्य स्नान घाट से लगभग एक किलोमीटर दूर हुआ। हाथरस जिले के ओमवीर अपने रिश्तेदार नेत्रपाल के साथ गंगा स्नान के लिए आए थे। इसी दौरान ओमवीर का 16 वर्षीय बेटा निलेश और नेत्रपाल की 17 वर्षीय बेटी शिखा गहरे पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देख ओमवीर, उनका बड़ा बेटा सर्वेश और रिश्तेदार वर्षा भी उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े और वे भी तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने फुर्ती दिखाते हुए ओमवीर, सर्वेश और वर्षा को बचा लिया, लेकिन निलेश और शिखा लापता हो गए। काफी प्रयास के बाद निलेश का शव बरामद कर लिया गया, जबकि शिखा की तलाश अभी भी जारी है। इसी घाट पर हाथरस के 20 वर्षीय रोहित और बदायूं के राजकुमार की भी डूबने से मौत हो गई।
अटैना घाट पर भी दो युवकों की मौत
कछला घाट के अलावा उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना घाट पर भी मातम छा गया। यहां मैनपुरी जिले के 19 वर्षीय पिंटू गंगा स्नान के दौरान डूब गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, फर्रुखाबाद जिले के 18 वर्षीय अनुपम भी अपने मामा के साथ नहाते समय गहरे पानी में समा गए। पुलिस ने इन दोनों युवकों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी ओर, कछला घाट पर जान गंवाने वाले तीनों मृतकों के परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। गनीमत यह रही कि गोताखोरों की मुस्तैदी से करन, अभिषेक, राजकुमार, ऋतिक और बंटू को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
डीएम और एसएसपी ने रेस्क्यू अभियान का निरीक्षण किया
त्योहार के दिन गंगा घाटों पर पांच श्रद्धालुओं की मौत के बाद स्थानीय प्रशासन और घाटों पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही बदायूं के जिलाधिकारी (डीएम) अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा तुरंत दलबल के साथ कछला गंगा घाट पहुंचे। अधिकारियों ने वहां चल रहे रेस्क्यू अभियान का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। गोताखोरों की टीमें अब भी लापता बच्ची शिखा की तलाश में नदी के चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
