बिनैन खाप की सर्वजातीय महापंचायत 20 सितंबर को आयोजित होगी

मुख्यमंत्री की राजशाही प्रवृत्ति पर सवाल उठाए
- मुख्यमंत्री के अंदर राजशाही प्रवृत्ति आ चुकी : नैन
जींद। बिनैण खाप के प्रधान रघुवीर सिंह नैन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 7 सितंबर को नरवाना क्षेत्र का दौरा किया, लेकिन न तो उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया और न ही किसी जनप्रतिनिधि को साथ लिया। उन्होंने केवल बलियाला हैड पर फोटो खिंचवाने के बाद वापस लौट गए। नैन ने उम्मीद जताई थी कि मुख्यमंत्री, जो एक किसान पुत्र हैं, किसानों की समस्याओं को समझेंगे, लेकिन अब उनमें राजशाही प्रवृत्ति आ गई है।
रघुवीर सिंह नैन ने रविवार को नरवाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा के कई क्षेत्रों में भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। नरवाना और आसपास के गांवों में स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि खेतों में अभी भी आठ फुट तक पानी भरा हुआ है। बाढ़ के कारण फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं और आगामी रबी की बुआई भी संकट में है।
गांवों में फसलें बर्बाद और गरीबों के मकान ढह गए
नैन ने कहा कि बाढ़ के कारण कई गांव जैसे इस्माइलपुर, फरैण, कलोदा, भिखेवाला, दनोदा, सैंथली, लितानी और हसनगढ़ गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। इन गांवों में न केवल फसलें बर्बाद हुई हैं, बल्कि सैकड़ों गरीबों के मकान भी पूरी तरह ढह चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि सरकार द्वारा घोषित 3.26 करोड़ की राहत राशि पूरी तरह अपर्याप्त है।
उन्होंने चेतावनी दी कि 20 सितंबर को सर्वजातीय महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यदि सरकार ने उनकी मांगों की अनदेखी की, तो इस पंचायत में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। यह पंचायत बिनैण खाप के चबूतरे पर होगी। इस अवसर पर कैशियर बलजीत सिंह, महामंत्री डॉ. प्रीतम सिंह, भगत सिंह कन्हडी, संदीप आदि उपस्थित रहेंगे।