बिहार में TRE-4 के लिए प्रदर्शन पर पुलिस का लाठीचार्ज, चिराग पासवान ने की निंदा
पटना में अभ्यार्थियों का प्रदर्शन
पटना। बिहार की राजधानी पटना में TRE-4 के विज्ञापन जारी करने और बीपीएससी नियमावली में संशोधन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर हमला करते हुए इस लाठीचार्ज को निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE) 4.0 की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी जायज़ मांगें रखने का अधिकार है। शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को लंबे समय से अधिसूचना का इंतजार है। उनकी आवाज़ सुनने के बजाय बल प्रयोग करना संवेदनशीलता के खिलाफ है।
बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE) 4.0 की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
लोकतंत्र में युवाओं को अपनी जायज़ मांगों को रखने का अधिकार है। शिक्षक भर्ती…
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) May 8, 2026
उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए और जल्द से जल्द TRE 4.0 की अधिसूचना जारी की जाए। साथ ही, उन्होंने युवाओं से धैर्य रखने की भी अपील की, यह कहते हुए कि सरकार जल्द ही सकारात्मक कदम उठाएगी।
गौरतलब है कि पटना में TRE-4 के विज्ञापन जारी करने और बीपीएससी नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान, जब अभ्यर्थियों ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को हटाने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई अभ्यर्थी घायल हो गए।
