बिहार में जल जीवन हरियाली अभियान: 20 करोड़ पौधों का रोपण और छात्रों को मुफ्त पौधे

जल-जीवन-हरियाली दिवस पर कार्यशाला का आयोजन
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जल-जीवन-हरियाली दिवस के अवसर पर आयोजित एकदिवसीय कार्यशाला में मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि यह अभियान जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और कृषि विकास के लिए बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने शुरू किया अभियान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2 अक्टूबर 2019 को इस अभियान की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2024-25 तक कुल 20.20 करोड़ पौधों का रोपण किया गया है। अगले 5 करोड़ पौधों के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग ने ग्रामीण विकास विभाग, जीविका समूह, मनरेगा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से योजना बनाई है।
बागवानी एवं कृषि महकमा का लक्ष्य
5 करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 2.96 करोड़, मनरेगा द्वारा 1.93 करोड़ और कृषि विभाग (उद्यान) द्वारा 13 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके अलावा, सरकारी स्कूलों और कॉलेजों से 37.16 लाख पौधों के अतिरिक्त बागवानी एवं कृषि महकमा के स्तर से 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
छात्रों को मुफ्त पौधे
हर स्कूल के छात्रों को 2-2 मुफ्त पौधे दिए जाएंगे। राज्य के विभिन्न जिलों में पौधशालाओं में कई प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं। इस संबंध में जानकारी कॉल सेंटर के फोन नंबर 0612-2226911 पर प्राप्त की जा सकती है।
पौधारोपण की प्रगति
मंत्री ने बताया कि जुलाई से अब तक 1 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं और अगले दो महीनों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण जारी रहेगा। हर रविवार पौधारोपण का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत विभाग द्वारा किए गए कार्यों पर प्रदुम्न गौरव और राजीव कुमार ने प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी
इस कार्यक्रम में अभिलाषा कुमारी शर्मा, मिशन निदेशक, जल जीवन हरियाली मिशन, प्रभात कुमार गुप्ता, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, अरविंदर सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास), अभय कुमार द्विवेदी, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह निदेशक हरियाली मिशन, और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।