बिहार विधानसभा चुनाव 2025: जदयू ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

जदयू की पहली सूची में 57 उम्मीदवार
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में शामिल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें कुल 57 नाम शामिल हैं।
इस सूची में आलमनगर से नरेंद्र नारायण यादव, बिहारीगंज से निरंजन कुमार मेहता, मधेपुरा से कविता साहा, सिंघेश्वर से रमेश ऋषिदेव, और सोनबरसा से रत्नेश सदा को टिकट दिया गया है। इसके अलावा, मंत्री श्रवण कुमार को नालंदा से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि अनन्त सिंह मोकामा से चुनाव लड़ेंगे।
मदन सहनी को बहादुरपुर से, मनजीत सिंह को बरौली से, महेश्वर हजारी को कल्याणपुर से, मांजरिक मृणाल को वारिसनगर से और मंत्री विजय चौधरी को सरायरंजन से फिर से चुनावी मैदान में उतारा गया है। पूर्व मंत्री श्याम रजक को फुलवारी से प्रत्याशी बनाया गया है।
हरि नारायण सिंह को हरनौत, अरुण मांझी को मसौढ़ी और राधाचरण साह को संदेश से उम्मीदवार बनाया गया है। इससे पहले, एनडीए में शामिल भाजपा ने भी अपनी पहली सूची जारी की थी, जबकि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने अपने हिस्से की सभी छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने सीटों के बंटवारे की घोषणा की है। इस बंटवारे के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और भाजपा 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं। बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।