बिहार विधानसभा चुनाव: एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी हलचल

बिहार चुनाव की तैयारियां तेज
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं। चुनाव आयोग ने 6 और 11 नवंबर को मतदान के लिए दो चरण निर्धारित किए हैं, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस बीच, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटकों के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद गहरा गया है। शनिवार को पटना में एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक में यह तय किया जाएगा कि 243 सीटों में से कौन सा दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 40-50 सीटों की मांग रखकर गठबंधन के समीकरणों को जटिल बना दिया है, जबकि भाजपा ने 22-25 सीटों का प्रस्ताव दिया है।
एनडीए की बैठक में होगा निर्णय
एनडीए के शीर्ष नेताओं की बैठक पटना में शनिवार को आयोजित की जाएगी, जिसमें सीट बंटवारे का फॉर्मूला अंतिम रूप लिया जाएगा। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, चिराग पासवान, जितन राम मांझी (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) और उपेंद्र कुशवाहा (राष्ट्रीय लोक मोर्चा) जैसे प्रमुख नेता शामिल होंगे। गठबंधन के एक नेता ने कहा, "चर्चाएं सकारात्मक हैं। चिराग की मांग को ध्यान में रखते हुए समाधान निकाला जाएगा।" यह बैठक चुनावी रणनीति को मजबूत करने के साथ-साथ छोटे दलों को संतुष्ट करने का प्रयास भी है।
चिराग पासवान की मांग
हाल ही में चिराग पासवान ने स्पष्ट किया था कि उनकी मांग किसी पद या व्यक्तिगत लाभ से संबंधित नहीं है, बल्कि 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' के सिद्धांत से प्रेरित है। 2024 लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी की स्पष्ट जीत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी केवल उन सीटों पर चुनाव लड़ेगी जहां 100 प्रतिशत सफलता की संभावना हो। जदयू और भाजपा के बीच भी कुछ असहमति की खबरें हैं, लेकिन एनडीए के प्रवक्ता ने इसे खारिज करते हुए कहा, "गठबंधन मजबूत है, जल्द ही घोषणा होगी।"
भाजपा की आंतरिक बैठक
उम्मीदवार चयन पर लगेगी मुहर
सीट बंटवारे की घोषणा के तुरंत बाद भाजपा अपनी आंतरिक तैयारियों को तेज करेगी। रविवार को दिल्ली में पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक होगी, जिसमें विधानसभा उम्मीदवारों के नामों की जांच की जाएगी। यह बैठक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर सुबह 11 बजे आयोजित होगी। कोर ग्रुप में गृह मंत्री अमित शाह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, संगठन मंत्री भिखु भाई दालसानिया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और गिरिराज सिंह जैसे दिग्गज शामिल होंगे।
चिराग की मांगों से एनडीए में तनाव
चिराग की जिद ने उलझाए समीकरण, विपक्ष में भी उलझन
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की बढ़ी हुई मांग ने एनडीए के लिए चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। भाजपा ने शुरुआत में 20 सीटों का ऑफर दिया था, जिसे बढ़ाकर 22-25 कर दिया गया है, लेकिन चिराग 30 से कम पर राजी नहीं हैं। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के जितन राम मांझी ने भी 15 सीटों की मांग रखी है। इन मांगों से गठबंधन में तनाव बढ़ा है, लेकिन नेताओं का मानना है कि अंतिम समय पर सब सुलझ जाएगा।