भाजपा का जनसंपर्क अभियान 5 जून से शुरू होगा
15 दिन चलेगा अभियान, पार्टी की नीतियों का प्रचार
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 5 जून से देशभर में एक बार फिर लोगों के बीच अपनी नीतियों का प्रचार करने जा रही है। यह अभियान केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक दिल्ली में हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि वरिष्ठ पदाधिकारी और जमीनी कार्यकर्ताओं की टीमें तैयार की जाएंगी ताकि भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
बैठक की अध्यक्षता नितिन नवीन ने की
इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। बैठक में संगठन के विस्तार और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार की गई। भाजपा 5 से 21 जून तक एक जनसंपर्क अभियान चलाएगी, जिसमें पार्टी के नेता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसरों से भी जुड़ा रहेगा। इस दौरान पार्टी नेताओं को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 प्रभावशाली मतदाताओं से संपर्क कर उनकी राय और सुझाव लेने की जिम्मेदारी दी गई है। यह कार्यक्रम 23 जून से पहले समाप्त होगा, जिसे भाजपा 'बलिदान दिवस' के रूप में मनाएगी।
भाजपा का संगठन विस्तार पर ध्यान
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए। इसके लिए व्यापक और दूरगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विस्तार की भी समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि एनडीए वर्तमान में 22 राज्यों में सरकार चला रहा है। इसे संगठन के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण माना गया। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
