भाजपा ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की
भाजपा ने उम्मीदवारों की घोषणा की
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को एमएलसी का टिकट दिया गया है। भाजपा ने कुल चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह अब बिहार विधान परिषद में शामिल होंगे। भाजपा ने उन्हें एमएलसी के लिए उम्मीदवार बनाया है। बिहार भाजपा ने एमएलसी चुनाव के लिए अपनी कैंडिडेट लिस्ट जारी की है। संजय मयूख को भी एक बार फिर विधान परिषद में जाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर और शीला प्रजापति को भी उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को यह सूची जारी की।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार प्रदेश में होने वाले विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/jNUWY7FiHD
— BJP (@BJP4India) June 5, 2026
इस वर्ष हुए राज्यसभा चुनाव में भी पवन सिंह के भाजपा के उम्मीदवार बनने की चर्चा थी। अब उन्हें एमएलसी के लिए नामित किया गया है। उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव निर्दलीय लड़ा था, लेकिन हार गए थे। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा में वापसी की थी।
संजय मयूख को फिर से मौका
भाजपा ने संजय मयूख को एक बार फिर विधान परिषद में जाने का अवसर दिया है। उनकी सीट का कार्यकाल इस महीने समाप्त हो रहा है। यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो वे अगले 6 वर्षों के लिए एमएलसी बने रहेंगे। उनका नाम पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के संभावित उम्मीदवारों की सूची में भी शामिल था। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी।
जेडीयू ने भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा की
निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की थी, जिसमें 8 जून तक नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। विधानसभा कोटे वाली 9 एमएलसी सीटों का कार्यकाल इस महीने समाप्त हो रहा है, और मतदान 18 जून को होगा। जेडीयू ने भी चार उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिनमें स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शामिल हैं।
एक एमएलसी सीट पर उपचुनाव भी होगा, जो पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई थी। जेडीयू ने इस सीट के लिए ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है।
विधानसभा में एनडीए की 9 में से 8 सीटों पर जीत की संभावना है, जबकि एक सीट राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के महागठबंधन के खाते में जाएगी। विधानसभा में एनडीए के पास 201 विधायक हैं। 9 सीटों पर एक साथ चुनाव हो रहे हैं, जिसके लिए एक एमएलसी प्रत्याशी को जीतने के लिए कम से कम 25 विधायकों का वोट चाहिए। भाजपा, जदयू, लोजपा-आर, रालोमो और हम मिलकर 8 एमएलसी आसानी से बना सकते हैं। विपक्ष में महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं।
इसके अलावा, असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और बसपा के 6 विधायकों का वोट भी उन्हें मिल सकता है। इसलिए एक सीट पर विपक्ष का कब्जा तय माना जा रहा है। हालांकि, राज्यसभा चुनाव में आरजेडी और कांग्रेस के कुछ विधायकों ने वोटिंग से दूरी बना ली थी। यदि ऐसा एमएलसी चुनाव में भी होता है, तो नौवीं सीट पर खेला होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
