Newzfatafatlogo

भारत का आतंकवाद के खिलाफ मजबूत संदेश, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल डेनमार्क पहुंचा

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने डेनमार्क में आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ रुख को व्यक्त किया। इस यात्रा का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भारत के विचारों से अवगत कराना है। प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्य शामिल हैं, जो डेनमार्क में सांसदों और मीडिया से बातचीत करेंगे। जानें इस महत्वपूर्ण यात्रा के बारे में और क्या है इसके पीछे का उद्देश्य।
 | 
भारत का आतंकवाद के खिलाफ मजबूत संदेश, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल डेनमार्क पहुंचा

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की डेनमार्क यात्रा

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ रुख को व्यक्त करने के लिए डेनमार्क पहुंचा।


इस प्रतिनिधिमंडल का स्वागत डेनमार्क में भारत के राजदूत मनीष प्रभात ने किया। भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर साझा किया कि प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाला है।


यह समूह उन सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक है, जिन्हें भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आतंकवाद पर अपने विचारों से अवगत कराने के लिए 33 वैश्विक राजधानियों के दौरे पर भेजा है।


पूर्व केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ, इस प्रतिनिधिमंडल में डी पुरंदेश्वरी, गुलाम अली खटाना, समिक भट्टाचार्य (भाजपा), शिवसेना (उबाठा) की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी, कांग्रेस के लोकसभा सदस्य अमर सिंह, अन्नाद्रमुक सांसद एम थंबीदुरई, पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर और पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पंकज सरण शामिल हैं।


विदेश मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोपेनहेगन में अपने प्रवास के दौरान, प्रतिनिधिमंडल डेनमार्क के सांसदों, राजनीतिक दलों के सदस्यों, मीडिया और प्रवासी भारतीयों से बातचीत करेगा। इससे पहले, इस प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ इतालवी अधिकारियों से मुलाकात की, जिसमें दोनों पक्षों ने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी के महत्व और द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने की संभावनाओं की पुष्टि की।