भारत ने ट्रंप-मोदी वार्ता में मस्क की भागीदारी का खंडन किया
भारत सरकार का स्पष्टीकरण
नई दिल्ली। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई टेलीफोन वार्ता में इलॉन मस्क का कोई योगदान नहीं था। भारत ने इस संबंध में उठी खबरों का खंडन किया है। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी समाचार पत्र 'न्यूयॉर्क टाइम्स' ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया था कि इस बातचीत में मस्क भी शामिल थे। हालांकि, रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि मस्क वार्ता में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे या केवल सुनने के लिए उपस्थित थे।
इस बीच, भारत ने अमेरिकी मीडिया की इस खबर का खंडन किया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि 24 मार्च को हुई बातचीत केवल प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई थी, जिसमें किसी तीसरे व्यक्ति की उपस्थिति नहीं थी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि इस वार्ता में दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर अपने विचार साझा किए और क्षेत्र में शांति बनाए रखने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत चाहता है कि इस क्षेत्र में शांति बनी रहे और तनाव कम हो। उन्होंने यह भी कहा कि होरमुज की खाड़ी सभी के लिए सुरक्षित और खुली रहनी चाहिए।
