मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया
बंगाल में नई शुरुआत का प्रतीक
नई दिल्ली/कोलकाता - दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने बंगाल की जनता, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के साहस और संघर्ष की सराहना की और नई सरकार को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की जनता ने अत्याचार, दमन और भ्रष्टाचार का सामना किया, लेकिन अब उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव का निर्णय लिया है। आज का दिन बंगाल के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक है, जहां विकास और विश्वास के साथ राज्य आगे बढ़ेगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्व सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और अत्याचार की घटनाएं आम थीं, लेकिन अब वह युग समाप्त हो चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार के नेतृत्व में बंगाल में सुशासन, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी। श्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी सरकार ने एक सकारात्मक संदेश दिया है कि बंगाल का भविष्य उज्ज्वल होगा।
मुख्यमंत्री ने सुवेंदु अधिकारी और बंगाल की जनता को दिल्ली से हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक आंकड़ों की नहीं, बल्कि उन 321 भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान की भी जीत है, जिन्होंने बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान केवल भाजपा के लिए नहीं, बल्कि बंगाल की आने वाली पीढ़ियों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में महिलाओं, युवाओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचार ने लोकतंत्र को शर्मसार किया। जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया है और अब बदलाव की नई सुबह शुरू हुई है। रेखा गुप्ता ने बंगाल की जनता के साहस और लोकतांत्रिक विश्वास को प्रणाम करते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
