योगी आदित्यनाथ ने अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि
प्रतीक यादव का निधन
प्रतीक यादव का निधन: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के निवास पर जाकर उनके दिवंगत पति प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य नेता भी इस मौके पर उपस्थित रहे और परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मृत्यु का कारण स्पष्ट हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत हृदय गति रुकने के कारण हुई, साथ ही उनके फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून के थक्के जमने की समस्या भी थी, जिससे उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही थी।
प्रतीक यादव की अचानक मृत्यु के बाद कई सवाल उठे थे। अब उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स और पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण हुई।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पति श्री प्रतीक यादव जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी एवं शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। pic.twitter.com/vPV7x1pPqb
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2026
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत आज सुबह अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
राजनीति से दूर थे प्रतीक
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर रियल एस्टेट का व्यवसाय करते थे। बताया गया है कि उन्हें तीन दिन पहले मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, सांस फूलने और फेफड़ों में खून जमने की समस्या थी।
शिवपाल, धर्मेंद्र और डिंपल यादव समेत अन्य लोग पहुंचे
अर्पणा यादव के घर पर शिवपाल यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और परिवार के अन्य सदस्य पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, उनके परिचित और समर्थक भी बड़ी संख्या में घर के बाहर मौजूद हैं।
