राजनाथ सिंह ने बिहार में भाजपा की उपलब्धियों का किया जिक्र, विपक्ष पर साधा निशाना

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में राजनाथ सिंह का भाषण
पटना। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला किया और भाजपा तथा एनडीए की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजद और कांग्रेस के लिए सत्ता का मतलब जनसेवा नहीं, बल्कि परिवारवाद है, जबकि भाजपा ने अपने वादों को पूरा किया है।
बैठक में उन्होंने आगामी चुनाव में एनडीए की दो तिहाई बहुमत से जीत का दावा करते हुए कहा कि एनडीए के शासन में बिहार में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार एक विकसित राज्य बनेगा और इसमें कोई संदेह नहीं है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष नफरत की राजनीति करता है, जबकि भाजपा सेवा और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर घर तक पहुंचें और मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा करें। हमें लोगों को यह यकीन दिलाना है कि भाजपा और एनडीए ही बिहार का खोया गौरव वापस ला सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें केवल चुनाव के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए भी काम करना है जो बिहार से पलायन कर गए थे और जिनके परिवारों का अपहरण किया गया था। भाजपा का उद्देश्य केवल सरकार चलाना नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करना और हर व्यक्ति की गरिमा को बनाए रखना है।
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों का एकमात्र उद्देश्य सत्ता में बने रहना है।
भाजपा का लक्ष्य हर नागरिक के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना और ऐसी नीतियां बनाना है जो समाज के सभी वर्गों का विकास करें। हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजद के अध्यक्ष लालू यादव द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर और भीमराव अंबेडकर की तस्वीरों के अपमान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए कर्पूरी जी की विरासत और मूल्यों को नजरअंदाज किया। न तो कोई स्मृति स्थल है, न कोई ठोस योजना उनके नाम पर।
मोदी जी ने न केवल कर्पूरी जी का नाम नई पीढ़ी को याद दिलाया, बल्कि उनकी जीवनशैली और सिद्धांतों को 21वीं सदी की राजनीति का आदर्श बनाया। जहां राजद बाबासाहेब के विचारों को महत्व नहीं देती, वहीं भाजपा ने उनके मूल्यों को अपने दिल में बसाया है। भाजपा की सरकार ने बाबासाहेब से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है।
उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि ऐसे विचार आज भी मौजूद हैं और हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमें भारत और बिहार दोनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में, हम सभी को विकसित भारत और विकसित बिहार के लक्ष्य को प्राप्त करना है। बिहार की प्रगति से देश की प्रगति होगी। हमारी सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। मेरा विश्वास है कि विकसित भारत का मार्ग विकसित बिहार से ही निकलेगा।