राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव की तारीख का ऐलान
चुनाव आयोग ने घोषित किया चुनाव कार्यक्रम
नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 रिक्त सीटों के लिए मतदान कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मतदान 18 जून को होगा। इस कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी, और उम्मीदवार 11 जून तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
चुनाव 10 राज्यों की सीटों पर
चुनाव आयोग ने बताया कि राज्यसभा चुनाव 10 राज्यों की 24 सीटों के लिए आयोजित किए जाएंगे। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच समाप्त हो रहा है। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों पर चुनाव होंगे, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों के लिए मतदान होगा। झारखंड में दो सीटों पर, और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा मिजोरम में एक-एक सीट पर चुनाव होंगे।
प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त
राज्यसभा के जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं।
