राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल चुनाव में मोदी और ममता पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल चुनावी जनसभा में राहुल गांधी का भाषण
पश्चिम बंगाल चुनाव: कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने हुगली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष चल रहा है। एक ओर कांग्रेस पार्टी है, जो संविधान, एकता और भाईचारे का समर्थन करती है, जबकि दूसरी ओर BJP है, जो नफरत, हिंसा और अहंकार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि RSS-BJP के लोग हर जगह नफरत फैलाते हैं और एक धर्म को दूसरे धर्म के खिलाफ खड़ा करते हैं। कांग्रेस ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' की, जिसका उद्देश्य नफरत के खिलाफ मोहब्बत का संदेश फैलाना था। यही हमारी विचारधारा है, जिसने हमें आजादी दिलाई और संविधान बनाया।
राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वह बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन असल में अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने अमेरिका के साथ एक ट्रेल डील की है, जिसमें भारत के कृषि क्षेत्र, छोटे और मध्यम उद्योगों, और ऊर्जा सुरक्षा को बेच दिया गया है। इसके साथ ही, देश का डेटा भी अमेरिका को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रधानमंत्री बिना दबाव के ऐसा नहीं कर सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि अडानी समूह का पूरा वित्तीय रिकॉर्ड ट्रंप के हाथ में है, जिससे ट्रंप मोदी को नियंत्रित करते हैं। मोदी खुद को देशभक्त बताते हैं, लेकिन उनका असली काम देश को बेचना है, और यह बात पश्चिम बंगाल के लोग अच्छी तरह जानते हैं। पिछले 12 वर्षों में मोदी ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि केवल अरबपतियों के लिए काम किया है। हुगली कभी एक औद्योगिक क्षेत्र था, लेकिन अब ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी को रोजगार से कोई मतलब नहीं है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि मोदी ने नोटबंदी और गलत GST लागू कर छोटे व्यापारियों और MSMEs को खत्म कर दिया है। उन्होंने ममता बनर्जी पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में उद्योगों को समाप्त कर दिया है। आज बेरोजगारी की समस्या बढ़ गई है, और रोजगार केवल TMC के रिश्तेदारों को ही मिल रहा है। ममता जी जनता के लिए कुछ नहीं कर रही हैं, बल्कि केवल अपने पार्टी के लोगों के लिए काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भ्रष्ट हैं, लेकिन TMC भी भ्रष्टाचार में पीछे नहीं है। शारदा चिट फंड स्कैम में ₹1,900 करोड़ और रोज वैली चिट फंड स्कैम में ₹6,600 करोड़ की चोरी हुई है। TMC के लोग कोल स्मगलिंग और गैरकानूनी खनन में शामिल हैं। ममता जी ने 2021 में वादा किया था कि 5 लाख लोगों को रोजगार दिया जाएगा, लेकिन सच्चाई यह है कि यहां के 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है।
