लुधियाना वेस्ट में आम आदमी पार्टी की बढ़ती ताकत

पार्टी में शामिल हुए 100 से अधिक सदस्य
लुधियाना। लुधियाना वेस्ट उपचुनाव की तैयारियों में सभी राजनीतिक दल सक्रिय हैं, जबकि स्थानीय नेता भी एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जा रहे हैं। इस दौड़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी को पीछे छोड़ दिया है। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के कई सदस्य रोजाना पार्टी में शामिल हो रहे हैं। बुधवार को, 100 से अधिक लोग रिवायती पार्टियों से आप में शामिल हुए। आप पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष शैरी कलसी, कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और महासचिव डा. सनी आहलूवालिया की उपस्थिति में सभी नए सदस्यों का स्वागत किया।
सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर शामिल हुए
नए सदस्यों ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की नीतियों और आम आदमी पार्टी के जनहितकारी कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से उनके बिजली बिल जीरो आ रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिली है। इसके अलावा, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में सुधार ने भी उनके आर्थिक बोझ को कम किया है।
इन नेताओं ने थामा आप का दामन
इस अवसर पर आप नेता सुरिंदर कल्याण, सिम्मी चोपड़ा और रंजीत सिंह बांठ भी उपस्थित थे। उनके प्रयासों के कारण इतनी बड़ी संख्या में लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। कांग्रेस पार्टी के पूर्व सर्कल प्रधान रमनदीप सिंह ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल होने का निर्णय लिया।
श्री गुरु रविदास सेवा सोसायटी के चेयरमैन तुलसी राम, कैशियर अशोक कुमार, उप-कैशियर महावीर फौजी, प्रधान सतीश कुमार और सेक्रेटरी हरवंश लाल ज्ञानी भी पार्टी में शामिल हुए। इसके अलावा, लुधियाना एंटी करप्शन फाउंडेशन के एक्जीक्यूटिव मेंबर राजन कुंद्रा भी आप में शामिल हुए। वार्ड नंबर- 65 से भानू किरण, रंजना भसीन, प्रिया सोढ़ी और ईशा बस्सी ने भी पार्टी की सदस्यता ली।