लोकसभा में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष चर्चा
वंदे मातरम् पर विशेष चर्चा का आयोजन
नई दिल्ली: आज लोकसभा में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। यह बहस स्वतंत्रता आंदोलन में इस देशभक्ति गीत की भूमिका और भारत की सांस्कृतिक धरोहर पर केंद्रित होगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12 बजे आरंभ करेंगे। इस चर्चा के लिए कुल 10 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अनुराग ठाकुर, बिप्लब देव, बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा, तेजस्वी सूर्या, संतोष पांडे और सौमित्र खान जैसे कई भाजपा सांसद अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। वहीं, विपक्ष की तरफ से गौरव गोगोई, प्रियंका वाड्रा, दीपेंद्र हुड्डा, विमल अकोइजम, प्रणिती शिंदे, प्रशांत पडोले, चमाला रेड्डी और ज्योत्सना महंत भी इस चर्चा में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान को लेकर सदन में हंगामे की संभावना है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर 1937 में वंदे मातरम् के प्रमुख छंद हटाने और विभाजन के बीज बोने का आरोप लगाया था। इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच पहले से ही टकराव हो चुका है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नेहरू ने मुस्लिम समुदाय को ‘इरिटेट’ होने की आशंका जताकर वंदे मातरम् की कई पंक्तियां हटवाई थीं।
मोदी सरकार इस बहस के माध्यम से कांग्रेस पर विशेष रूप से नेहरू के समय के निर्णयों को लेकर हमला करने की योजना बना रही है।
