सीकर में सड़क दुर्घटना: 6 महिलाओं की मौत, 3 घायल
सीकर में दर्दनाक सड़क हादसा
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार को एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई, जिसने फतेहपुर कस्बे और उसके आस-पास के गांवों में शोक की लहर दौड़ा दी। यह घटना हरसावा गांव के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर एक कार और ट्रक के बीच हुई। इस दुर्घटना में फतेहपुर की 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान संतोष पत्नी सत्यनारायण माली, तुलसी देवी पत्नी ललित, मोहन देवी पत्नी महेश, इन्द्रा पुत्री महेश, आशा पत्नी मुरारी और चंदा पत्नी सुरेन्द्र के रूप में हुई है। ये सभी महिलाएं फतेहपुर की निवासी थीं। घायलों में वशीम पुत्र मनीर खां, सोनू पुत्री सुरेन्द्र और बरखा पत्नी ओमप्रकाश शामिल हैं।
इस हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "जयपुर-बीकानेर हाइवे पर फतेहपुर के हरसवा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मृत्यु हृदयविदारक है। राजस्थान में लगातार हो रहे जानलेवा सड़क हादसे चिंता का विषय हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।"
