हरियाणा में प्रदूषण पर आम आदमी पार्टी का तीखा हमला
हरियाणा विधानसभा सत्र पर अनुराग ढांडा की टिप्पणी
- भाजपा सरकार ने प्रदूषण पर आंखें मूंद रखी हैं, हरियाणा की जनता को हो रहा है नुकसान: अनुराग ढांडा
- हरियाणा विधानसभा अब भाजपा और कांग्रेस की शेरो-शायरी का मंच बन गई है: अनुराग ढांडा
- तीन दिन का सत्र केवल जनता के सवालों से भागने की भाजपा की योजना: अनुराग ढांडा
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने हरियाणा विधानसभा के तीन दिन के शीतकालीन सत्र पर भाजपा सरकार पर कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि यह केवल सत्र को छोटा करने का मामला नहीं है, बल्कि जनता के मुद्दों को दबाने की एक सोची-समझी रणनीति है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनता की समस्याओं पर चर्चा से बचने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे विधानसभा केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की विधानसभा अब जनता की आवाज़ बनने के बजाय भाजपा और कांग्रेस की शेरो-शायरी का मंच बन गई है। जहां गंभीर मुद्दों जैसे बेरोज़गारी, अपराध, घोटाले और प्रदूषण पर चर्चा होनी चाहिए, वहां केवल कविताएं सुनाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने विधायकों को सवाल पूछने और समाधान निकालने के लिए चुना है, न कि कविता पाठ के लिए।
हरियाणा में प्रदूषण की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई शहरों में हवा ज़हरीली हो गई है। रोहतक, पलवल, फरीदाबाद और हिसार जैसे स्थानों पर लोग सांस लेने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, और बच्चों तथा बुजुर्गों की सेहत पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस दोनों इस गंभीर संकट पर चुप हैं। विधानसभा सत्र में प्रदूषण पर कभी गंभीर चर्चा नहीं होती और न ही जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस योजना प्रस्तुत की जाती है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा में नायब सिंह सैनी दोनों जगह भाजपा सरकारें बढ़ते प्रदूषण पर आंखें मूंदे बैठी हैं। जब लोगों को साफ हवा की आवश्यकता है, तब सरकारें अपनी जिम्मेदारी से भाग रही हैं। भाजपा के लिए प्रदूषण जनस्वास्थ्य का मुद्दा नहीं, बल्कि अनदेखी करने वाला विषय बन चुका है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अनुराग ढांडा ने कहा कि विपक्ष में बैठी कांग्रेस भाजपा के साथ अंदरखाने समझौता कर रही है। यदि कांग्रेस सच में विपक्ष का धर्म निभा रही होती, तो सदन में प्रदूषण, बेरोज़गारी और अपराध पर तीखी बहस होती। लेकिन वास्तविकता यह है कि कांग्रेस सरकार से सवाल पूछने के बजाय उसे हर बार राहत देने का काम कर रही है, जिससे जनता को कोई उम्मीद नहीं बचती।
अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी मानती है कि प्रदूषण केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि हरियाणा की जनता के जीवन और स्वास्थ्य का सीधा सवाल है। इस पर राजनीति नहीं, बल्कि ईमानदार नीयत और ठोस कार्य की आवश्यकता है। आम आदमी पार्टी सदन के बाहर और जनता के बीच भी हरियाणा के लोगों को ज़हरीली हवा से राहत दिलाने की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।
