हरियाणा में लू से जनजीवन प्रभावित, तापमान 47 डिग्री तक पहुंचा

हरियाणा में लू का प्रकोप
हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल हैं।
गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, जींद, पानीपत और सोनीपत में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में हीटवेव के लिए यलो अलर्ट है। लू के कारण तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गुरुवार को सिरसा में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश की संभावना
14 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हीटवेव के लिए ओरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत और सोनीपत में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 प्रतिशत बारिश की संभावना है। 14 जून को भी इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। 15 जून को पलवल, मेवात, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, पंचकूला और अंबाला में भी बारिश हो सकती है।