भाकपा में शामिल हुए 143 लोग

रांची, 23 फ़रवरी (हि.स.)।
भाकपा के कार्यकर्ता मिलन समारोह में रविवार को 143 लोगों ने पार्टी का दामन थामा। रांची के कांके रोड स्थित गांधीनगर क्लब में एटक के राज्य सचिव अशोक यादव की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम में राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि मजदूरों के हक और अधिकार के लिए भाकपा पार्टी हमेशा लड़ती रही है।
पाठक ने कहा कि देश की पूंजीवादी पार्टियां धर्म एवं जात के नाम पर लोगों को बांट रही हैं। देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में कानून बनाया जा रहा है। एटक के राज्य सचिव अशोक यादव ने लाल झंडा की उत्पत्ति के बारे में विस्तार से बताया।
वहीं मजदूर नेता हरिद्वार सिंह ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के इतिहास की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
कार्यक्रम में पार्टी को मजबूत बनाने, झारखंड विधानसभा में बाबा भीमराव अंबेडकर और जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने, असंगठित मजदूरों को 26 हजार रुपये प्रतिमाह मजदूरी निर्धारित करने, मजदूरों के आठ घंटा काम और न्यूनतम मजदूरी की गारंटी की मांग केंद्र और राज्य सरकारों से की गई। इन मांगों को लेकर 24 मार्च को विधानसभा मार्च करने का भी फैसला लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak