अनूपपुर: मधुमक्खी के हमले में वृद्ध महिला की मौत, युवक घायल

अनूपपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत बुधावर की दोपहर ग्राम पिपरिया में दो पहिया वाहन से युवक और वृद्ध महिला रिश्तेदारी में जा रहे थे तभी मधुमक्खियो के समूह ने हमला कर दिया जिससे दोनो घायल हो गये जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां वृद्ध महिला की मौत हो गई।
जानकारी अनुसार केल्हौरी गांव से दो पहिया वाहन में जितेंद्र चर्मकार के साथ 58 वर्षीय वृद्ध महिला सिया बाई चौधरी रिश्तेदारी में ग्राम कांसा जा रहें थे रास्ते में पिपरिया गांव के पास अचानक एक पेड़ से मधुमक्खियों के समूह ने हमला कर दिया, जिससे सिया बाई चौधरी की जिला चिकित्सालय मे उपचार दौरान मौत हो गई, जबकि जितेंद्र चर्मकार निवासी कांसा के शरीर में मधुमक्खियो के समूह द्वारा काटे जाने पर गंभीर स्थिति में उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भर्ती किया गया है। पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में मृतिका के शव का पंचनामा कर पोस्टामार्डम के बाद शव को अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौपा दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला