Newzfatafatlogo

झोटवाड़ा में नारी सशक्तीकरण के लिए अर्पित की आहुतियां

 | 
झोटवाड़ा में नारी सशक्तीकरण के लिए अर्पित की आहुतियां


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में कालवाड़ रोड झोटवाड़ा के गोकुलपुरा के सरकारी विद्यालय मेंं नौ कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया गया। युग तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार से आई टोली ने यज्ञ संपन्न कराया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ देवता को गायत्री एवं महामृत्युंज मंत्र से आहुतियां प्रदान की। यज्ञ में बच्चों के मानसिक विकास के लिए सरस्वती गायत्री मंत्र से विशेष आहुतियां प्रदान की गई। नारी सशक्तीकरण, भारत को विकसित राष्ट्र बनाने, गौ संवद्र्धन, सीमा पर तैनात सैनिकों के मनोबल वृद्धि के लिए भी आहुतियां प्रदान की गई।

गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने शांतिकुंज से आई टोली का राजस्थानी परंपरा से स्वागत किया। टोली ने यज्ञ के दौरान प्रवचन से श्रद्धालुओं में नवीन ऊर्जा, शक्ति, उत्साह, प्रेरणा का संचार कर युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया। यज्ञ में कई संस्कार भी कराए गए। करधनी और झोटवाड़ा गायत्री महिला मंडल के कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढक़र श्रमदान किया। बुधवार को मानसरोवर स्थित वेदना निवारण केन्द्र में सुबह 7 बजे से विश्व कल्याण की कामना के साथ अखंड गायत्री महामंत्र का सामूहिक जप किया जाएगा। शाम पांच बजे राष्ट्र जागरण दीपयज्ञ का आयोजन होगा। तीसरे दिन 27 फरवरी को मानसरोवर स्थित वेदना निवारण केन्द्र में नौ कुंडीय गायत्री यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्री राम आचार्य शर्मा एवं माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में शांतिकुंज हरिद्वार में प्रज्जवलित अखण्ड दीपक एवं वंदनीय माताजी के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश