Newzfatafatlogo

काजीरंगा लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने भी शुरू किया प्रचार अभियान

 | 

-भाजपा ने भी झोंकी ताकत

काजीरंगा (असम), 04 अप्रैल (हि.स.)। काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत कालियाबोर में कांग्रेस उम्मीदवार रोजलिना तिर्की ने आज चुनाव प्रचार शुरू किया। रोजलिना तिर्की ने कालियाबोर निर्वाचन क्षेत्र के मिसा में एक चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करने के साथ ही मिसामुख, हलवागांव, शिलघाट, केलिडेन टी एस्टेट, शालना आदि क्षेत्रों में भी रोजलिना ने चुनाव प्रचार किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि हम भाजपा की तरह विज्ञापनों का प्रचार नहीं करते, हम आम जनता के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ भाजपा के नेता कांग्रेस की आलोचना कर केवल प्रचार कर रहे हैं, लेकिन अपने शासन के दौरान उन्होंने क्या किए, अपने विकास के बारे में लोगों को जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।

ज्ञात हो कि परिसीमन के बाद काजीरंगा लोकसभा चुनाव क्षेत्र का सीमाई इलाका बदल गया है। इस बार यहां से भाजपा के राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि इसी क्षेत्र से पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाले गौरव गोगोई इस बार जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर मुख्य रूप से मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।

कांग्रेस भी काजीरंगा लोस सीट पर चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा रही हैं, वहीं राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा लगभग एक महीने से अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। भाजपा के सभी बड़े नेता प्रचार में पूरा जोर लगा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद