भिण्ड: अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलटने से चार की मौत, 10 से ज्यादा लोग घायल

भिण्ड, 24 फरवरी (हि.स.)। थाना क्षेत्र अंतर्गत झांकरी इटायंदा रोड पर सोमवार को अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई। जिससे नन्दो पुत्री गंगा सिंह जाटव (8), आदित्य पुत्र गंगा सिंह उम्र लगभग 10 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई तथा 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया है। जहां उपचार के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पिपाहड़ा गांव में मठ का पुरा गांव से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 20 से अधिक लोग पछ देने के लिए रविवार को गए थे। जो सोमवार को सुबह अपने घर वापस जा रहे थे, तभी पुलिया के पास अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई। जिससे ट्रॉली में सवार नंदनी उर्फ नन्दो पुत्री गंगा सिंह जाटव उम्र लगभग 9 वर्ष, आदित्य पुत्र गंगा सिंह उम्र लगभग 11 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई।
पिंकी पत्नी नरेंद्र जाटव उम्र 21 वर्ष, मनीषा पत्नी राकेश जाटव उम्र 22 वर्ष, ममता पत्नी अमर सिंह उम्र 35 वर्ष, नाथू सिंह पुत्र मायाराम उम्र 25 वर्ष, नितेश पुत्र रामवीर, फूल सिंह, सीमा पत्नी फूल सिंह, गिरजा पत्नी विजय सिंह, पीयूष पुत्र नरेंद्र को घायल अवस्था में गोहद अस्पताल लाया गया। अन्य लगभग आधा दर्जन लोग घायलों को मौ अस्पताल ले जाया गया। जहां से सभी घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया गया। जिसमें मौ से ग्वालियर रैफर हुई सुनीता पत्नी मंगल सिंह, आशा पत्नी गंगा सिंह की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर दोनों मासूम बच्चों का गोहद अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा