बजट से विकसित भारत के संकल्प को निश्चित रूप से लगेंगे पंख :नरेंद्र कश्यप

भाजपा ने किया केंद्रीय बजट संगोष्ठी का आयोजन
गाजियाबाद, 26 फ़रवरी (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने बुधवार को मोहन नगर स्थित आईटीएस कॉलेज के सभागार में केंद्रीय बजट को लेकर संगोष्ठी का आयोजन किया। जिसमें प्रदेश के राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ कर केंद्रीय बजट पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट विकसित भारत की दिशा तय करने वाला बजट है। 50 लाख 65 हजार करोड़ के बजट से विकसित भारत के संकल्प को निश्चित रूप से नए पंख लगेंगे।
श्री कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट 2025–2026 में हर नागरिक का ध्यान रखा है। बजट के लक्ष्य में विकसित भारत 2047 का रोड मैप बनाया गया है। देश का बजट बुनियादी और आर्थिक इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का बजट महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के उज्जवल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला साबित होगा। नई कर व्यवस्था में 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर कोई आयकर स्लैब लागू नहीं होना मध्यम वर्ग को सीधा लाभ देगा।
महानगर अध्यक्ष एवं सदर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि बजट पूरी तरह से लोक कल्याणकारी है, जिसमें सर्वांगीण विकास की अवधारणा समाहित है। गोष्ठी का संचालन महानगर उपाध्यक्ष रनीता सिंह ने किया। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, सरदार एसपी सिंह, बलदेव राज शर्मा, अशोक गोयल, राजेश्वर प्रसाद, अमरदत्त शर्मा, महेश अग्रवाल, बृजेश्वर निम्मी ने भी बजट के खास बिंदुओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में अन्य मंचासिन पदाधिकारियों में महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, महामंत्री गोपाल अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक सुशील गौतम, उपाध्यक्ष बॉबी त्यागी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी सौरभ जायसवाल, महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, मंडल अध्यक्ष भूषण सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / फरमान अली