सोनीपत निकाय चुनाव में भाजपा ने झौंकी ताकत,सीएम ने किया रोड शो


- पारंपरिक सम्मान और मुख्यमंत्री
की सादगी आकर्षण का केंद्र
सोनीपत, 26 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत
नगर निगम महापौर के उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार
दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को सोनीपत में भाजपा के महापौर
पद के प्रत्याशी राजीव जैन के समर्थन में वोट देने की अपील की। मुख्यमंत्री के साथ
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, सोनीपत विधायक निखिल मदान और पूर्व मंत्री कविता जैन
रथ पर सवार रहे। इस भव्य रोड शो ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों में जबरदस्त ऊर्जा
का संचार किया। मुख्यमंत्री की विजय संकल्प यात्रा का रोड शो अग्रसेन चौक से शुरू होकर
मुरथल अड्डा, बस स्टैंड, गीता भवन चौक, फ्लाईओवर से होते हुए मिशन चौक, गुड़ मंडी और
कालूपुर चुंगी तक पहुंचा। जगह-जगह पर राजीव जैन के समर्थकों ने पुष्प वर्षा कर भव्य
स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी हुई। भाजपा
समर्थकों ने मुख्यमंत्री का शानदार स्वागत किया।
इस दौरान
मुख्यमंत्री को हरियाणा की चौपाल की शान हुक्का भेंट किया गया और उन्होंने जलेबी का
स्वाद भी लिया। लोगों ने उन्हें पगड़ी भेंट की, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार
किया। उन्होंने रथ पर से जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए पगड़ी को सम्मानपूर्वक पहन
लिया। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने लोगों की दी हुई पगड़ी भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन,
विधायक निखिल मदान और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली को भी पहनाई।
सोनीपत
नगर निगम महापौर चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। इस चुनाव को जीतने
के लिए भाजपा ने अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, डिप्टी
स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा और विधायक निखिल मदान लगातार प्रचार में जुटे हुए हैं। भाजपा
के मंत्री और वरिष्ठ नेता भी प्रचार अभियान को गति दे रहे हैं। हाईटेक प्रचार और बड़े
नेताओं की मौजूदगी के चलते यह चुनाव सोनीपत में काफी रोचक मोड़ ले चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना