चंडीगढ़ से आई टीम ने जींद में अंडरपास निर्माण से खिसकी मिट्टी का लिया जायजा

जींद, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भिवानी रोड पर अंडरपास के निर्माण के दौरान मिट्टी खिसकने के मामले में रविवार को चंडीगढ़ से अधिकारियों की टीम जींद पहुंची और जांच की। उन्होंने अंडरपास के निर्माण के दौरान बने गंभीर हालातों को देखा। टीम के आने की सूचना के बाद कॉलोनी के लोग एकत्रित हो गए। तीन दिन से परेशान लोगों ने टीम सदस्यों को अंडरपास के निर्माण में भ्रष्टाचार होने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि नाले में ठेकेदार ने घटिया सामग्री और कम सरिया लगाया। इसके कारण नाला गिरा है। वहीं अंडरपास की ड्राइंग भी सही नहीं है। इसमें काफी खामियां है। इसके परिणाम अंडरपास का निर्माण होने के बाद वाहनों के आवागमन के समय सामने आएंगे। इस टीम अधिकारियों ने कहा कि ड्राइंग सही है।
लोगों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। वहीं ट्रेनों के आवागमन से नाला गिरा है। अंडरपास का मानकों पर निर्माण हो रहा है। रविवार दोपहर बाद चंडीगढ़ से तकनीशियन विशेषज्ञ नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम पहुंची। उनके साथ डीजीएम शंशाक भी मौजूद रहे। उन्होंने अंडरपास के निर्माण का बारीकी से निरीक्षण किया और मौजूद अधिकारियों से बातचीत की। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि जब नाले का निर्माण हुआ था तब बैड बिछाने से पहले मिट्टी की कुटाई तक नहीं की गई। सरिया भी 14 इंच पर बांधा गया था।
निर्माण सामग्री की भी गुणवत्ता अच्छी नहीं थी। इसके कारण नाले से पानी रिसाव होने लगा और मिट्टी खिसक गई। नाले के निर्माण में आठ इंच की दीवार बनाई गई है जबकि चार इंच की दीवार में भी पानी का रिसाव नहीं होता है। इस पर अधिकारियों ने कहा कि यह पानी का रिसाव नाले से नहीं बल्कि लोगों द्वारा अपने घरों के पाइपों के कनेक्शनों के कारण हो रहा है। नाले और मकान के बीच में से पाइप से पानी रिसने के कारण यह समस्या पैदा हुई है। रविवार को जानकारी देते हुए चंडीगढ़ से आए तकनीशियन विशेषज्ञ नरेंद्र शर्मा ने बताया कि ट्रेनों के आवागमन से अंडरपास के निर्माण में दिक्कत आ रही हैं। जिन लोगों के मकानों के आगे से मिट्टी खिसकी है, उनके लिए व्यवस्था बनाई जा रही है। किसी को कोई परेशानी नही आने दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा