Newzfatafatlogo

फिल्म अभिनेता कमाल खान की मामले रद्द करने की मांग

 | 

मुंबई, 26 फरवरी (हि.स.)। फिल्म अभिनेता कमाल खान ने बांबे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर उनके खिलाफ दर्ज मामलों को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने अपनी याचिका में दावा किया है कि वह निर्दोष हैं और उन्हें झूठा फंसाया गया है। ये मामले उन पर साल 2017 और 2024 में दर्ज किए गए हैं।

सोशल मीडिया पर फिल्म अभिनेता धनुष और उनके सह-कलाकारों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में 2017 में खान के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। खान ने ट्वीट किया था कि कैसे कोई भी महिला दक्षिण अभिनेता धनुष को छूने की इजाजत दे सकती है। खान के खिलाफ एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और एक सहकर्मी के साथ अभिनेता की अश्लील तस्वीर साझा करने का मामला दर्ज किया गया था। खान ने अपनी याचिका में कहा है कि उन्होंने जो ट्वीट किया था, वह अब मौजूद नहीं है। उनके खिलाफ कोई अन्य सबूत भी नहीं हैं। एक अन्य मामले में 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान खान के खिलाफ अपनी लाइसेंसी बंदूक जमा नहीं करने की शिकायत दर्ज की गई थी। जब मुंबई पुलिस हथियार जब्त करने खान के घर गई तो घर पर ताला लगा हुआ मिला। इस संबंध में खान के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया गया है और लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है।

हाई कोर्ट में सुनवाई के बाद खान ने बंदूक सौंप दी और एलओसी रद्द कर दी गई। उन्होंने 2008 में आत्मरक्षा के लिए एक बंदूक खरीदी थी और उन्हें 2024 तक इसे सरेंडर करने के लिए कभी नहीं कहा गया। खान ने दावा किया है कि जब पुलिस ने उन्हें हथियार जमा करने का आदेश दिया था तब वह लंदन में थे। यह पहली बार नहीं है जब कमाल खान ने किसी मामले को रद्द करने के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है; इससे पहले भी उन्हें इसी तरह के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस समय खान ने अपराध को रद्द करने के लिए उच्च कोर्ट में याचिका दायर की थी, जो अभी भी लंबित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार