Newzfatafatlogo

गीता कालोनी फ्लाईओवर से नीचे गिरे बाइक सवार मामा-भांजा, एक की मौत

 | 

नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। शाहदरा जिले के गीता कालोनी फ्लाईओवर पर बने लूप से बाइक सवार दो युवक नीचे गिर गए। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। अस्पताल में एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मृतक 30 वर्षीय सोनू के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में घायल 27 वर्षीय सोनू आईसीयू में भर्ती है। हादसे का शिकार हुए दोनों युवक आपस में मामा-भांजे हैं, मामा की मौत हुई है। पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि मृतक 30 वर्षीय सोनू अपने परिवार के साथ भागीरथी विहार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में रहता था। इसके परिवार में पिता करण सिंह व अन्य सदस्य हैं। सोनू लोनी गाजियाबाद यूपी में जींस फैक्ट्री में कार्यरत था। जबकि घायल सोनू पुत्र सुरेश जेजे कालोनी, मदनपुर खादर, सरिता विहार में रहता है। सोनू पुत्र सुरेश मृतक सोनू का भांजा है। वह एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा में स्वीपर के पद पर कार्यरत है। रविवार को छुट्टी होने के चलते वह अपने मामा के पास आया था। दोनों ने शराब का सेवन किया। उसके बाद वह बाइक पर सवार होकर मदनपुर खादर के लिए निकले। इस बीच गांधी नगर की ओर से दोनों फ्लाईओवर पर चढ़े। बाद में वह लूप से राजघाट की ओर जाने लगे। इस बीच उनकी बाइक फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गई और दोनों नीचे गिर गए। वहीं जिस फ्लाईओवर से दोनों गिरे हैं उसकी ऊंचाई करीब 25 फीट है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी