Newzfatafatlogo

राज्यपाल ने किया नमो ई लाइब्रेरी का लोकार्पण

 | 
राज्यपाल ने किया नमो ई लाइब्रेरी का लोकार्पण


रांची, 26 फ़रवरी (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर शुरू होने वाले नमो ई लाइब्रेरी सह साइबर कम्युनिटी सेंटर का लोकार्पण बुधवार को राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि संजय सेठ की ओर से सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में की जा रही पहल सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र युवाओं शोधार्थियों के लिए बहुत सहयोगी साबित होगा। समाज के अधिक से अधिक युवा, शोधार्थी और महिलाएं इस केंद्र का लाभ उठाएंगे।

वहीं रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूर्ण करने में टेक्नोलॉजी का महत्वपूर्ण योगदान होगा। इसी सोच के तहत यह सेंटर काम करेगा। राजनीति समाज सेवा का बड़ा माध्यम है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में सदैव मार्गदर्शन देते हैं। उन्हीं की प्रेरणा से पहले बुक बैंक, फिर टॉय बैंक और अब नमो ई लाइब्रेरी का शुभारंभ कर रांची की जनता को समर्पित की जा रही है।

उन्होंंने कहा कि विकसित भारत में तकनीकी रूप से हमारे युवा, हमारी महिलाएं सशक्त योगदान दे सकें, इस उद्देश्य से भी नमो ई-लाइब्रेरी स्थापित की गई है।

साइबर पीस फाउंडेशन ने इसकी स्थापना और संचालन के लिए सकारात्मक योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में पहली बार शुरू हुई यह लाइब्रेरी हर वर्ग को समर्पित रहेगी। रांची में रह रहे झारखंड और देशभर के विद्यार्थी और युवा इससे लाभान्वित होंगे।

इस अवसर पर रांची के विधायक सीपी सिंह, हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, साइबर पीस फाउंडेशन के प्रमुख मेजर विनीत, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, भाजपा रांची जिला अध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak