गुरुग्राम: भाजपा के संकल्प पत्र ने बढ़ाई कांग्रेस की चिंता: अरविंद शर्मा

-मानेसर पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा
-भाजपा मेयर प्रत्याशी व पार्षदों के समर्थन में की बैठकें व जनसंपर्क अभियान
गुरुग्राम, 25 फ़रवरी (हि.स.)। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, उससे प्रदेश का हर वर्ग उत्साहित है। भाजपा ने कचरा निस्तारण से लेकर हर बूथ पर ऑनलाइन सेवा केंद्र खोलने, सीवरेज और पानी का मुफ्त कनेक्शन, नगर निगमों को टैक्स और फीस तय करने की शक्ति देने की घोषणा करके कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा मंगलवार को मानेसर पहुंचे और भाजपा मेयर प्रत्याशी व पार्षदों के पक्ष में गांव ढाणा, बासरिया(अलियर), बास कुसला, खोह में सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार से विकास कार्याे में तेजी आएगी, जिससे आम जन को इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गांरटी पर पूरे देश वासियोें को भरोसा है और यह देश की जनता ने साबित भी कर दिखाया है। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव में भाजपा जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा, निकाय चुनाव में कांग्रेस अभी से हार मान रही है और एक तरह से चुनाव लड़ने के नाम पर औपचारिकता कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस तरह संकल्प पत्र जारी किया उसी तरह इस संकल्प पत्र में भी हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। युवा, किसान, गरीब परिवार, छात्र, सफाई कर्मचारी सभी की स्थिति और मजबूत करने के लिए भाजपा ने संकल्प लिया
है। अरविंद शर्मा ने कहा कि अब प्रदेश की जनता का कांग्रेस से विश्वास उठ चुका है और अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया नायब सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की सादगी से प्रदेश की जनता कायल है। मुख्यमंत्री चौबीस घंटे लोगों की सेवा में जुटे रहते है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने निकाय चुनाव में भाजपा को जिताने का मन बना लिया है।
संकल्प पत्र में महिलाओं पर किया गया विशेष फोकस
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि संकल्प पत्र में महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट का वादा, उस टॉयलेट में सेनेटरी नैपकीन वेंडिंग मशीन और शिशु आहार कक्षों की सुविधा सोने पर सुहागे का काम करेगी, विधानसभा चुनाव में जिस तरह संकल्प पत्र जारी किया उसी तरह इस संकल्प पत्र में भी हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर