ग्वालियर: महाशिवरात्रि का महापर्व बुधवार को, रात्रि से भक्त पहुंचे दर्शन करने

- अचेलश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर मंदिर जगमगा उठे रोशनी से
ग्वालियर, 25 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि का महापर्व बुधवार को श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाएगा। इस पर्व को लेकर अचेलश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर, हजारेश्वर, भूतेश्वर, चकलेश्वर आदि मंदिर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठे हैं। इस पर्व को लेकर शहर के शिव मंदिरों पर रात्रि 12 बजे से भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं कई मंदिरों में अभिषेक आदि भी किए जा रहे हैं।
जलाभिषेक का शुभ मुहुर्त: ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन सुबह 6:47 से 9:42 बजे तक जलाभिषेक का शुभ मुहूर्त है। इसके बाद सुबह 11:06 से दोपहर 12:35 बजे तक का मुहुर्त है।
गुप्तेश्वर से निकलेगी शिव बारात: शिवरात्रि के दिन गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से भगवान शिव की बारात निकाली जाएगी जो विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां बारात का जोरदार स्वागत किया जाएगा। भगवान की इस बारात में भूत-प्रेत भी शामिल रहेंगे। मंदिर के पुजारी अशोक कुमार बित्थरिया ने बताया कि मंदिर से भगवान शिव की बारात सुबह 11 बजे निकाली जाएगी। शिव बारात में भगवान की सुंदर झांकियां होंगी। उन्होंने बताया कि भगवान शिव की बारात पहले लक्ष्मीगंज पहुंचेगी। यहां से हनुमान चौराहा, बाड़ा, सराफा बाजार, ऊंट पुल और अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद शिव बारात पुन: गुप्तेश्वर मंदिर पर वापस पहुंचेगी। मंदिर पर रात्रि नौ बजे से रात्रि जागरण किया जाएगा।
भोलेनाथ की बारात में जाएंगे बुजुर्ग: वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान ग्वालियर द्वारा जौरा में ओमश्री मंशापूर्ण मनकामेश्वर महादेव मंदिर में भोले बाबा की बारात का आयोजन महाशिवरात्रि के दिन किया गया है। इस बारात में शामिल होने के लिए बुजुर्ग ग्वालियर से जौरा जाएंगे और 27 फरवरी को वापस आएंगे। संस्थान के अध्यक्ष एसकेगुप्ता एवं संयुक्त अध्यक्ष मुकेश जैन ने बताया कि बस को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
अचलेश्वर महादेव के दर्शन करने के लिए तीन स्थानों से होगा प्रवेश: श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में विराजमान भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने लिए भक्तों का प्रवेश तीन स्थानों ललितपुर कॉलोनी, नंदी और त्रिशूल द्वार से होगा। चौथ द्वार से भक्तों को बाहर निकाला जाएगा। इसी के साथ कोटेश्वर, गुप्तेश्वर, भूतेश्वर आदि मंदिरों पर भी भक्तों को दर्शन करने की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां महिला-पुरूषों की अलग-अलग लाइने रहेंगी। मंदिर में किसी को भी रूकने नहीं दिया जाएगा, दर्शन करते ही भक्तों को बाहर निकाल दिया जाएगा।
जगह-जगह होगा प्रसाद वितरण: शिवरात्रि के पर्व पर आज शहर में जगह-जगह प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके लिए शहर के सभी शिव मंदिरों पर प्रसाद बांटने के लिए स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इन स्टॉलो से आलू, खीर, फल आदि का वितरण किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद
हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा