Newzfatafatlogo

हरियाणा सचिवालय बनेगा मधुमक्खी फ्री जोन

 | 

चंडीगढ़, 22 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा सिविल सचिवालय परिसर में मधुमक्खियों के हमले के बाद मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को पूरा परिसर मधुमक्खी फ्री जोन बनाने के आदेश जारी किए हैं। जिसके चलते शनिवार दोपहर से विभागीय कर्मचारियों ने मोर्चा संभालते हुए सचिवालय में लगे मक्खियों के छत्ते उतारने का काम शुरू भी कर दिया है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सचिवालय की इस समस्या को दूर करने के लिए कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजशेखर वुंड्रू को निर्देश दिए हैं। जिसके बाद शनिवार की दोपहर से ही इस पर काम शुरू हो गया है। किसी भी खतरे की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। संभावना है कि सोमवार तक कैंपस मधुमक्खी फ्री जोन घोषित कर दिया जाए।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा सचिवालय परिसर में 18 फरवरी की दोपहर को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। जिसमें विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण के राजनीतिक सचिव समेत करीब आधा दर्जन कर्मचारी घायल हो गए थे। सचिवालय में करीब ढाई हजार कर्मचारी हैं। यहां कई जगहों पर मधुमक्खियों के छत्ते लगे हुए हैं। मुख्य सचिव के निर्देश के बाद अब इन्हें उतारने का काम शुरू हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा