Newzfatafatlogo

स्वास्थ्य सचिव राजेश कुमार को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित

 | 
स्वास्थ्य सचिव राजेश कुमार को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित


देहरादून, 23 फरवरी (हि. स.)। उत्तराखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों में लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि यह सम्मान स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को समर्पित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

हैदराबाद में तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यशाला ‘टेक्नोलॉजी सभा‘ में देश भर के स्वास्थ्य सचिव, नगर निकायों के अधिकारी व कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में विभिन्न सामाजिक एवं राजकीय क्षेत्र में डिजिटाइजेशन, टेक्नोलॉजी के प्रयोग, आर्टिफिशल इंटेलिजेंस के प्रयोग पर मंथन किया गया ताकि इस तकनीक का लाभ आम जनता को मिल सके।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार को उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में टेलीमेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. कुमार की पहल ने उत्तराखंड के भौगोलिक एवं पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा विस्तार के लिए डिजिटलीकरण, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग करने पर ध्यान केंद्रित किया है।

कार्यक्रम के दौरान सरकार के दृष्टिकोण को साझा करते हुए स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड डिजिटल सेवाओं और एआई का लाभ स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही सामाजिक और सरकारी क्षेत्रों में भी सतत विकास और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से राज्य के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के सरकार के मिशन को सफलता मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार