हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल आएंगी शिमला, नई कार्यकारिणी का होगा गठन

शिमला, 26 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन की कवायद तेज हो गई है। पार्टी की नई प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल दो दिवसीय दौरे पर 28 फरवरी को शिमला पहुंच रही हैं। इस दौरान वे मुख्यमंत्री सहित सरकार और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें करेंगी।
दरअसल पार्टी प्रदेश में जल्द ही नए संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप देने जा रही है। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी के साथ-साथ जिलों और ब्लॉकों में भी नियुक्तियां की जानी हैं। इन नियुक्तियों को लेकर रजनी पाटिल पार्टी के विधायकों, मंत्रियों और पूर्व प्रत्याशियों से फीडबैक लेंगी।
कांग्रेस मुख्यालय में अहम बैठकें
रजनी पाटिल के दौरे की शुरुआत 28 फरवरी को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में होने वाली बैठक से होगी। इस बैठक में प्रदेश के सह प्रभारियों से संवाद होगा। इसके अलावा वह पूर्व अध्यक्षों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधानसभा अध्यक्षों से भी मुलाकात करेंगी। बाद में रजनी पाटिल की मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों और प्रदेश अध्यक्ष से भी बैठक होगी। यह बैठक संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर अहम मानी जा रही है।
इसके अलावा रजनी पाटिल पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अलग से बैठक करेंगी, जिसमें जिला और ब्लॉक स्तर पर होने वाली नियुक्तियों पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में देरी को लेकर पार्टी आलाकमान भी गंभीर है और जल्द से जल्द इसे अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि प्रदेश में पार्टी को एकजुट किया जाए और संगठन में किसी भी तरह की कमजोरी को दूर किया जाए।
माना जा रहा है कि इस बार संगठन में नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। पार्टी युवा और जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपने की योजना बना रही है।
रजनी पाटिल के दौरे के बाद प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी को लेकर अंतिम बैठक होगी, जिसके बाद नियुक्तियों का ऐलान किया जा सकता है।
अगले महीने तक पूरी होगी प्रक्रिया
जानकारों का मानना है कि कांग्रेस अगले महीने तक प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कमेटियों की घोषणा कर सकती है। रजनी पाटिल का यह दौरा हिमाचल कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की पूरी कोशिश है कि गुटबाजी से बचते हुए एक संतुलित संगठन खड़ा किया जाए, जो चुनावी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हो।
बता दें कि कांग्रेस आलाकमान ने कुछ माह पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को छोड़कर पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था।
---
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा