Newzfatafatlogo

हिमाचल विधान सभा की लेखा समिति सात राज्यों के प्रवास पर

 | 

शिमला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधान सभा की स्थानीय निधि लेखा समिति वर्तमान में बिहार, पश्चिम बंगाल, मेघालय, असम, उड़ीसा, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के अध्ययन प्रवास पर है। समिति सभापति संजय रत्न की अध्यक्षता में 20 फरवरी को शिमला से रवाना हुई थी और 1 मार्च तक इन राज्यों के अध्ययन प्रवास पर रहेगी। इस दौरान समिति कई रमणीय स्थलों का दौरा भी करेगी। समिति में माननीय सदस्य कुलदीप सिंह राठौर, प्रकाश राणा, विवेक शर्मा, लोकेन्द्र कुमार तथा सुदर्शन सिंह शामिल हैं। साथ ही उप-सचिव विधान सभा राकेश ठाकुर भी समिति के कार्य की देख-रेख एवं सहायता हेतु साथ गए हैं।

हिमाचल विधानसभा के एक प्रवक्ता ने रविवार काे यह जानकारी दी।

उन्हाेंने कहा कि समिति पिछले कल बिहार विधान सभा पहुँची और वहां के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव के साथ शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने समिति सदस्यों को गुलदस्ता और शॉल भेंट कर अतिथ्य सत्कार किया। बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने हि.प्र. विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां के द्वारा पीठासीन अधिकारी सम्मेलन में किए गए योगदान की सराहना की।

बैठक में बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने विधान सभा की कार्यप्रणाली, संचालन तथा आयोजित सत्रों की जानकारी दी। उन्होंने समिति को विधान सभा के परम्पराओं और गरिमा से भी अवगत कराया।

इस अवसर पर समिति के सभापति संजय रत्न ने बिहार विधान सभा अध्यक्ष को हिमाचल प्रदेश विधान सभा की कार्यप्रणाली और अब राष्ट्रीय ई-विधान प्रणाली की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधान सभा में शून्य काल की शुरुआत की गई है, जिससे जनहित में जरूरी सूचनाओं की जानकारी मिल सके।

समिति की यात्रा अब पश्चिम बंगाल राज्य में प्रवेश कर चुकी है और यह आगे अन्य राज्यों का दौरा करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा