Newzfatafatlogo

विधान सभा अध्यक्ष ने महाशिवरात्रि पर दी प्रदेशवासियों को बधाई

 | 
विधान सभा अध्यक्ष ने महाशिवरात्रि पर दी प्रदेशवासियों को बधाई


शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने देश और प्रदेशवासियों को ऐतिहासिक महाशिवरात्रि पर्व की बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में पठानियां ने कहा कि महाशिवरात्रि हिन्दू धर्म का एक पौराणिक, पवित्र और महत्वपूर्ण त्यौहार है जो भगवान शिव को समर्पित है और सदियों से मनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह पर्व हर साल फाल्गुन माह की कृष्ण चतुर्दशी को मनाया जाता है और इसे भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की याद में मनाया जाता है। महाशिवरात्रि का अर्थ शिव की महान रात्रि है, और यह त्यौहार आत्मिक उन्नति, भक्ति और तपस्या का प्रतीक है।

पठानियां ने यह भी कहा कि महाशिवरात्रि के दिन विशेष रूप से शिव भक्त व्रत रखते हैं, रात्रि जागरण करते हैं और भगवान शिव की अराधना करते हैं। यह पर्व पहाड़ी प्रदेश हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हिमाचल प्रदेश मेलों और त्यौहारों का प्रदेश है जो न केवल हमारे सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं बल्कि यह समाज में आपसी सौहार्द बढ़ाने में भी मददगार साबित होते हैं।

पठानियां ने कहा कि महाशिवरात्रि हमें जीवन में सादगी, भक्ति और तपस्या के महत्व को समझने का अवसर देती है और शिव और शक्ति के संगम का प्रतीक है। उन्होंने सभी से इस पर्व को श्रद्धा, उल्लास और सच्चे मन से मनाने की अपील की और बुरी आदतों और नशे का त्याग करके जीवन में एक नया संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भी देश और प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक बधाई दी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला