Newzfatafatlogo

संतों के सानिध्य में धूमधाम से मनाया गया जगदीश स्वरूप आश्रम का वार्षिकोत्सव

 | 

हरिद्वार, 11 जुलाई (हि.स.)। भूपतवाला स्थित श्री जगदीश स्वरूप आश्रम का वार्षिक महोत्सव संतों की उपस्थिति एवं स्वामी अमृतानंद महाराज की अध्यक्षता में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भजन सम्राट गौलोकवासी विनोद अग्रवाल की शिष्या निकुंज कामरा एवं आरुषि गंभीर द्वारा रसमई संकीर्तन भजन संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद संगत को संबोधित करते हुए बाबा हठयोगी ने कहा धर्म के संरक्षण संवर्धन एवं मानव सेवा के प्रकल्पों में श्री जगदीश स्वरूप आश्रम अपनी सहभागिता निरंतर निभाता चला रहा है। स्वामी अमृतानंद महाराज के सुयोग्य शिष्य स्वामी अनंतानंद महाराज अपनी योग्यता से समाज कल्याण में अपना सहयोग निरंतर प्रदान कर रहे हैं जिससे युवा संतो को प्रेरणा लेनी चाहिए।

श्री चेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा कि संतों का जीवन निर्मल जल के समान होता है। स्वामी अमृतानंद महाराज भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म का प्रचार प्रसार कर भारतवर्ष में भावी पीढ़ी को संस्कारवान बना रहे हैं। यह संत समाज के लिए गौरव का विषय है। स्वामी अमृतानंद महाराज ने कहा कि धर्म के लिए जीवन को समर्पित करना ही उनका उद्देश्य है। आधुनिक भारत के निर्माण में युवा संतों का सहयोग सुनिश्चित हो इसके लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम में पधारे सभी संतों का आभार व्यक्त करते हुए स्वामी अनंतानंद रामजी महाराज ने कहा कि वह अत्यंत सौभाग्यशाली है जिन्हें अपने गुरु का आशीर्वाद सानिध्य मिल रहा है। धर्म के मार्ग पर अग्रसर रहकर आश्रम के सेवा प्रकल्पों में बढ़ोतरी करते हुए संतों की सेवा करना ही उनके जीवन का मूल है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / वीरेन्द्र सिंह