Newzfatafatlogo

शेखावत ने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर की विश्व कल्याण की कामना

 | 
शेखावत ने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर की विश्व कल्याण की कामना


जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मंगलवार को बागेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर विश्व कल्याण की कामना की।

शेखावत ने कहा कि सनातन संस्कृति के तीर्थ बागेश्वर धाम में सृष्टि अधिपति बालाजी सरकार के सपत्नीक दर्शन का पुण्य प्राप्त हुआ। श्रीराम दूत हनुमानजी की कृपा यहां तन-मन को सहज ही पवित्र करती है। इस धरती के वायुमंडल में आस्था और श्रद्धा विराजती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सनातन समाज को एकजुट और सशक्त बना रहे पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साक्षात्कार का भी सौभाग्य मिला। वे बुंदेलखंड में समाजसेवा के अनेक वृहद कार्य संपन्न करा रहे हैं। शास्त्रीजी अपनी भक्ति की शक्ति से मानव सेवा को सिद्ध कर रहे हैं। इन कार्यों का अवलोकन कर उनके प्रति सम्मान और भी बढ़ गया। बाद में मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम वर्तमान दौर में निश्चित रूप से एक ऊर्जा का शक्ति केंद्र है। करोड़ों भक्त यहां आकर आस्था के साथ बालाजी की सेवा में अपना प्रणाम निवेदन करते हैं। संन्यासी बाबा की तपस्या के चलते पुण्य इस धरती पर सृजित हुआ है। वो अनेक लोगों के जीवन मे परिवर्तन लाने वाला और फलदायी है। केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि प्रसाद योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार राज्य सरकारों के सहयोग से धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के उन्नयन का काम कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश