अनूपपुर: मुख्यमंत्री कन्या विवाह में पुष्पराजगढ़ में 351, जैतहरी में 447 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में


अनूपपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ एवं जनपद पंचायत जैतहरी में सामूहिक विवाह हुआ। पुष्पराजगढ़ में 351वहीं जनपद पंचायत जैतहरी में 447 जोड़े नव दम्पत्ति परिणय सूत्र में आबद्ध हुए। मांगलिक परिणय बेला पर जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के स्व सहायता भवन से दुल्हो की बारात निकाली गई जिसकी अगुवाई जनप्रतिनिधियों ने की।
इस अवसर पर प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, सांसद हिमाद्री सिंह, राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, विधायक फुन्देलाल सिंह, जिला पंचायत के अध्यक्ष प्रीति सिंह, कलेक्टर हर्षल पंचोली, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा, एसडीएम पुष्पराजगढ़ महिपाल सिंह गुर्जर, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व विधायक सुदामा सिंह सिंग्राम जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की अध्यक्ष मिथिलेश सिंह, उपाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष पार्वती सिंह, जिला पंचायत के सदस्य नर्मदा सिंह दरोगा सिंह यशोदा सिंह भुवनेश्वरी सिंह सहित जनपद सदस्य गण जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश पाण्डेय सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय के निर्वाचित पदाधिकारी, पार्षदगण, सहित अधिकारी- कर्मचारी ग्राम पंचायतों के सरपंच, उप सरपंच सचिव, रोजगार सहायक आदि उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री जायसवाल ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश की डबल इंजन की सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है। किसानों की समृद्धि के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसानों, ग्रामीण नागरिक, वृद्ध, युवा तथा महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार द्वारा लोक कल्याणकारी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/लाडली बहना योजना का लाभ हर पात्र बहनों को दिया जा रहा है। विवाह में सारी सुविधा देने के साथ ही 49 हजार रुपये उपहार स्वरूप भेंट की जा रही है। सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर पात्र व्यक्ति को हितलाभ प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में अनेक विकास के कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में दिन में विवाह की परम्परा रही है। सबसे अच्छा विवाह दिन का विवाह माना गया है। उन्होंने नव दम्पत्तियों को बधाई देते हुए कहा कि विवाह सात जन्म का बन्धन है, छोटी-छोटी बातों में दूरियां न बनाएं। गृहस्थ संचालन हेतु समझौता करना पड़ता है। उन्होंने इस अवसर पर नव दम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुदीर्घ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा पात्र परिवारों के लिए संचालित वैवाहिक कार्यक्रम सराहनीय है। उन्होंने नव दम्पत्तियों को दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी। विधायक फुन्देलाल सिंह ने सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित वर-वधु पक्ष के लोगों तथा नव दम्पत्तियों को शुभकामनाएं दी तथा नव दम्पत्तियों को बेहतर जीवन की शुभकामनाएं देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वर पक्ष के लोगों का द्वारचार में भव्य स्वागत किया गया। जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधिगण दोनो पक्षों से शामिल रहे। इस अवसर पर आतिशबाजी की गई। बैण्ड बाजे की धुन पर वर-वधु पक्ष के साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधि भी जमकर थिरके। वैवाहिक कार्यक्रम हिन्दू रीति रिवाज के विधिविधान से मंत्रोच्चार कर सात फेरों के साथ पुरोहितों द्वारा सम्पन्न कराया गया।
नव दम्पत्तियों को मंत्री ने मंच से प्रदान किए 49 हजार के चेक
मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने नव दम्पत्तियों को उपहार स्वरूप मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 49 हजार का चेक प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला