धूम धाम से मनाया जा रहा महाशिवरात्रि का पर्व, मंदिरों पर लगी भक्तों की भीड़




जौनपुर,26 फरवरी (हि. स.)।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को सभी प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। त्रिलोचन महादेव, गौरी शंकर महादेव, साईं नाथ महादेव, रामेश्वर महादेव और धर्मापुर स्थित महादेव मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है।
सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर स्थित गौरीशंकर धाम एक प्राचीन शक्तिपीठ है। यहां अर्धनारीश्वर स्वरूप में स्वयंभू शिवलिंग विराजमान हैं। 14वीं सदी की एक रोचक कथा के अनुसार, एक व्यक्ति को यहां एक काले पत्थर पर गाय को स्वयं दूध चढ़ाते देखा गया। बाद में स्वप्नादेश पर इसी स्थान पर मंदिर का निर्माण किया गया।
जौनपुर से 12 किलोमीटर दूर राजेपुर में स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर का विशेष महत्व है। पौराणिक काल में यह स्थान घने जंगल से घिरा था। यहां का शिवलिंग जमीन के नीचे से प्राप्त हुआ था। स्थानीय निवासी हनुमान बैरागी के पूर्वजों को भगवान शिव ने स्वप्न में दर्शन दिए थे।
त्रिलोचन महादेव मंदिर की मान्यता है कि काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद यहां पूजन करना चाहिए। मंदिर के पास स्थित तालाब में स्नान से चर्म रोग दूर होने की मान्यता है। सावन और महाशिवरात्रि पर दूर-दूर से श्रद्धालु यहां आकर पूजा-अर्चना करते हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पी.ए.सी. और महिला कांस्टेबल सहित विभिन्न थानों की पुलिस तैनात की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। सुबह से ही लोगों ने लाइन में लगकर भगवान का दर्शन और पूजन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव