यमुनानगर: निरंकारी सेवादल ने चलाया स्वच्छता अभियान

यमुनानगर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। निरंकारी बाबा स्वर्गीय हरदेव के जन्मदिवस पर संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रोजेक्ट अमृत के तीसरे चरण के तहत स्वच्छ जल, स्वच्छ मन मुहिम के अंतर्गत पश्चिमी यमुना नहर के किनारे बाडी माजरा पुल से लेकर ग्रे पेलिकन विश्रामगृह तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत निरंकारी सेवादल के सैकड़ों सेवकों ने नहर के घाटों की सफाई की और पॉलिथीन कचरे आदि को ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर कचरा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाया।
सोमवार को सेवादल के संयोजक बलदेव सिंह ने बताया कि निरंकारी मिशन द्वारा हर साल निरंकारी बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिवस पर सफाई व जल संरक्षण अभियान चलाया जाता है। इस अभियान के तहत 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 1650 से अधिक स्थानों पर 10 लाख से भी अधिक सेवा भाव से ओत-प्रोत स्वयंसेवक भक्तों ने एक साथ इस पुनीत अभियान को साकार किया।
उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिवस को समर्पित इस पुनीत सेवा अभियान में हर संत को जल संरक्षण की दिशा में योगदान देने का अवसर मिला। यह पहल न केवल घाटों और जलस्रोतों की स्वच्छता पर केंद्रित थी, बल्कि घरों में छोटी-छोटी आदतों के माध्यम से जल बचत को भी प्रोत्साहित करती है जिससे जल का सम्मान हो और यह अमूल्य संसाधन आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रह सके।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग