Newzfatafatlogo

कई प्रखंडों में चला अफीम की अवैध खेती को नष्ट करने का अभियान

 | 
कई प्रखंडों में चला अफीम की अवैध खेती को नष्ट करने का अभियान


खूंटी, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर सोमवार को खूंटी प्रखंड की तिरला पंचायत समेत अन्य प्रखंड और पंचायतों में जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया। अभियान के दौरान ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों की मदद से बड़ी मात्रा में अवैध फसल को नष्ट किया गया। मौके पर उपस्थित मुखिया समेत स्थानीय लोगों के साथ बैठक भी की गई। बैठक में ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभाव एवं कानूनी पहलुओं से अवगत कराया गया। साथ ही वैकल्पिक खेती के लिए प्रेरित किया गया। उसके बाद अफीम के फसलों को नष्ट करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को अवैध अफीम की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी विस्तार से दी जा रही है तथा उन्हें वैकल्पिक और लाभकारी खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध अफीम की खेती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा